Kim Jong Un Successor: उत्तर कोरिया की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, देश के नेता Kim Jong Un ने अपनी बेटी Kim Ju Ae को संभावित उत्तराधिकारी के रूप में आगे बढ़ाने का फैसला कर लिया है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी National Intelligence Service (NIS) ने संसद सदस्यों को बंद कमरे में दी गई ब्रीफिंग में यह दावा किया।
एनआईएस के अनुसार, किम जू ए अब ‘उत्तराधिकारी प्रशिक्षण’ के चरण से आगे बढ़कर ‘उत्तराधिकारी नियुक्ति के चरण’ में पहुंच चुकी हैं। यानी अब यह सिर्फ तैयारी नहीं, बल्कि औपचारिक रूप से सत्ता हस्तांतरण की दिशा में कदम माना जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो उत्तर कोरिया में किम परिवार की चौथी पीढ़ी सत्ता संभालेगी।
कौन हैं किम जू ए? (Kim Jong Un Successor)
किम जू ए के बारे में सार्वजनिक जानकारी बेहद सीमित है। माना जाता है कि उनका जन्म 2013 में हुआ और उनकी उम्र करीब 13 साल है। वह पहली बार नवंबर 2022 में चर्चा में आई थीं, जब वह अपने पिता के साथ एक लंबी दूरी की मिसाइल परीक्षण कार्यक्रम में दिखाई दीं। इसके बाद से उनकी मौजूदगी लगातार बढ़ती गई।
वे कई अहम मौकों पर अपने पिता के साथ नजर आई हैं… चाहे वह हथियार परीक्षण हो, सैन्य परेड, फैक्ट्री उद्घाटन या फिर कोरियाई पीपुल्स आर्मी की स्थापना दिवस की रस्म। जनवरी 2026 में उन्होंने कुमसुसन सन पैलेस का दौरा किया, जो किम परिवार का प्रतीकात्मक मकबरा है। इस स्थान पर मौजूदगी को उत्तराधिकार के संकेत के तौर पर देखा जाता है।
सितंबर 2025 में किम जू ए ने अपने पिता के साथ बीजिंग की यात्रा की, जो उनकी पहली विदेश यात्रा थी। वहां उन्होंने चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping से मुलाकात की और उत्तर कोरियाई दूतावास के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। एनआईएस का कहना है कि इन घटनाओं से संकेत मिलता है कि उन्हें अब नीतिगत चर्चाओं में भी शामिल किया जा रहा है और उन्हें देश में दूसरे सबसे ऊंचे पद के रूप में देखा जा रहा है।
NIS का आकलन किन आधारों पर?
एनआईएस ने अपने निष्कर्ष कई संकेतों के आधार पर निकाले हैं। इनमें किम जू ए की बढ़ती सार्वजनिक मौजूदगी, सैन्य आयोजनों में सक्रिय भागीदारी, कुमसुसन पैलेस की यात्रा और कुछ नीतियों पर उनकी राय शामिल है। एजेंसी अब इस बात पर नजर रखे हुए है कि आगामी वर्कर्स पार्टी कांग्रेस में उनकी भूमिका क्या रहती है। अगर उन्हें वहां कोई आधिकारिक पद मिलता है या मंच पर विशेष स्थान दिया जाता है, तो उत्तराधिकार की अटकलें और मजबूत होंगी।
9वीं पार्टी कांग्रेस पर टिकी नजरें
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब उत्तर कोरिया इस महीने के अंत में अपनी 9वीं पार्टी कांग्रेस आयोजित करने जा रहा है। यह आयोजन हर पांच साल में होता है और इसे देश का सबसे बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम माना जाता है। इसमें आने वाले पांच वर्षों की आर्थिक, विदेश और रक्षा नीतियों की दिशा तय की जाती है।
एनआईएस का अनुमान है कि कांग्रेस 16 फरवरी जो कि पूर्व नेता Kim Jong Il का जन्मदिन है या फिर चंद्र नववर्ष के बाद हो सकती है।
किम परिवार की विरासत
उत्तर कोरिया में सत्ता अब तक किम परिवार के भीतर ही रही है Kim Il Sung से लेकर किम जोंग इल और फिर किम जोंग उन तक। किम जोंग उन की उम्र 42 साल है और उनके स्वास्थ्य को लेकर समय-समय पर अटकलें लगती रही हैं। ऐसे में यह कदम सत्ता की निरंतरता और स्थिरता का संदेश भी हो सकता है।
हालांकि प्योंगयांग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आने वाले दिनों में पार्टी कांग्रेस और किम जू ए की सार्वजनिक भूमिका से स्थिति और स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल इतना तय है कि उत्तर कोरिया की सियासत में नई पीढ़ी की दस्तक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्सुकता बढ़ा दी है।
और पढ़ें: Bangladesh election 2026: संसद से सीधे या जनता से? जानें बांग्लादेश का पीएम चुनाव भारत से क्यों अलग



























