PAK-BLA Conflict: बलूचिस्तान में इन दिनों हालात काफी बिगड़े हुए हैं। BLA यानी (बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ) और पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों के बीच करीब 40 घंटे तक चली जबरदस्त मुठभेड़ के बाद स्थिति लगभग गृह युद्ध जैसी दिखाई दे रही है। दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ पूरी तरह सक्रिय हैं और कई इलाकों में तनाव चरम पर है।
200 से ज्यादा जवान मारे गए
BLA ने दावा किया है कि उसने अपने ‘ऑपरेशन हेरोफ’ (Operation Herof) के दूसरे चरण के तहत बलूचिस्तान (Balochistan) के कई हिस्सों में कार्रवाई की। संगठन का कहना है कि इस दौरान पाकिस्तानी सेना (Pakistani Army), पुलिस और फ्रंटियर कोर के 200 से ज्यादा जवान मारे गए हैं और 17 को बंदी बनाया गया है। BLA के मुताबिक, यह आंकड़ा शुरुआती है और असली नुकसान इससे भी ज्यादा हो सकता है। उन्होंने कहा है कि सही समय पर वे इस ऑपरेशन का पूरा ब्योरा मीडिया के सामने रखेंगे।
वहीं दूसरी ओर बलूचिस्तान सरकार का दावा कुछ और ही है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने क्वेटा में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि पिछले 40 घंटों में सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 145 आतंकवादियों को मार गिराया है। उनके मुताबिक बताया जा रहा है कि शुक्रवार और शनिवार को छापेमारी और तलाशी अभियानों के दौरान ये कार्रवाई हुई। इस हिंसा के दौरान कई सुरक्षाकर्मी और आम नागरिकों की भी अपनी जान गंवा दी है।
पाक ने भारत पर लगाए आरोप
मुख्यमंत्री सरफराज (Chief Minister Sarfraz) ने साफ कहा कि ऑपरेशन अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और कई इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है, जहां हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। इसी युद्ध के बीच पाकिस्तान ने इन हमलों को लेकर भारत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पाकिस्तान (Pakistan) की सेना ने बिना सबूत दिए दावा किया है कि ये हमले ‘भारत समर्थित आतंकवादियों’ द्वारा किए गए हैं। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी इस आरोप को दोहराते हुए कहा कि हमलावरों के भारत से संबंध थे और उन्हें पूरी तरह खत्म किया जाएगा।
हालांकि भारत ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान हर बार अपनी अंदरूनी समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगाता है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान को आरोप लगाने के बजाय अपने ही देश में लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर ध्यान देना चाहिए। जायसवाल ने पाकिस्तान पर मानवाधिकार उल्लंघन और दमन का आरोप भी लगाया है।
BLA ने दिए संकेत
फिलहाल बलूचिस्तान के कई इलाकों में स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। सुरक्षा बल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं, जबकि BLA ने भी संकेत दिए हैं कि उनका ऑपरेशन अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।






























