इस साल का पहला सूर्य ग्रहण 10 जून को पड़ने जा रहा है। ये सूर्य ग्रहण काफी खास होगा, क्योंकि ग्रहण ज्येष्ठ मास की कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को लगेगा। साथ में इसी दिन शनि जयंती भी हैं। यानि गुरुवार 10 जून को एक साथ शनि जयंती, ज्येष्ठ अमावस्या और सूर्य ग्रहण पड़ने जा रहे हैं।
ग्रहण के दौरान दिखेगा अद्भूत नजारा
जिन लोगों को खगोलीय घटनाओं में दिलचस्पी होती हैं, उनके लिए भी ये ग्रहण खास होगा। इस दिन बेहद ही अद्भूत और दुलर्भ नजारा देखने को मिलेगा। सूर्य ग्रहण के दौरान आसमान में रिंग ऑफ फायर देखने को मिलेगा। ये ग्रहण वलयाकार या अंगूठी की तरह दिखेगा। खगोलीय शास्त्र के मुताबिक इस दौरान चंद्रमा की छाया में सूर्य का करीब 99 प्रतिशत हिस्सा छिप जाता है। जिसकी वजह से चंद्रमा सूर्य की चारों तरफ रिंग बना देता हैं। इसको वलयाकार या रिंग ऑफ फायर सूर्य ग्रहण कहा जाता है।
कहां-कहां दिखेगा ये ग्रहण?
सूर्य ग्रहण की कुल अवधि 5 घंटें के करीब की होगी। दोपहर 1 बजकर 42 मिनट से ये सूर्य ग्रहण शुरू होगा और शाम 6 बजकर 41 मिनट तक रहेगा। हालांकि भारत में ये सूर्य ग्रहण आंशिक होगा और कुछ ही हिस्सों में दिखाई देगा। ग्रहण केवल अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख के ही कुछ हिस्सों में दिखेगा। क्योंकि ग्रहण आंशिक होगा, इसलिए इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा।
भारत के अलावा ये सूर्य ग्रहण उत्तर-पूर्वी अमेरिका, यूरोप, एशिया, अटलांटिक महासागर के उत्तरी हिस्से में भी आंशिक रूप में दिखाई देगा। वहीं ग्रीनलैंड, उत्तरी कनाडा और रूस में ग्रहण पूर्ण होगा।
इस राशि पर पड़ेगा बुरा प्रभाव
भले ही ये ग्रहण भारत में आंशिक रूप से दिखेगा, फिर भी इसका असर राशियों पर पड़ेगा। क्योंकि ग्रहण शनि जयंती के दिन लगने जा रहा है, इसलिए वृषभ राशि पर इस ग्रहण का सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। ग्रहण के दिन चंद्रमा वृषभ राशि पर संचार करेगा। जिसकी वजह से इस राशि के लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उनको स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। धन हानि होने की भी संभावना है। इस राशि के लोगों को व्यर्थ खर्च करने और सोच-समझकर निवेश करने की जरूरत है।
इस साल और कितने ग्रहण पड़ेंगे?
साल 2021 में कुल 4 ग्रहण लगेंगे। इसमें दो सूर्य और दो चंद्र ग्रहण शामिल हैं। इस साल का पहला चंद्र ग्रहण 26 मई को लगा था। भारत में ये ग्रहण भी आंशिक था और केवल कुछ ही हिस्सों में देखा गया था। 10 जून को इस साल का पहला सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है। इसके बाद 19 नवंबर को चंद्र ग्रहण और 4 दिसंबर को सूर्य ग्रहण लगेगा।